Summer express/कुल्लू, मनमिंदर अरोड़ा -:भुंतर से मणिकर्ण तक सड़क की खराब स्थिति को लेकर समाजसेवी एवं आम आदमी पार्टी के जिला कुल्लू अध्यक्ष शेरा नेगी ने प्रशासन और प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और जर्जर हालात के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कई बार आपसी विवाद की स्थिति भी पैदा हो रही है।
शेरा नेगी ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान पार्वती घाटी में वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में सड़क की खराब हालत के कारण लंबे ट्रैफिक जाम लगते हैं, जिससे लोगों में नाराजगी और तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पेड़ भी गिरने की स्थिति में हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़क सुधार और जोखिम वाले पेड़ों को हटाने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उनका कहना है कि पार्वती घाटी जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्र की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है, जबकि यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।शेरा नेगी ने घाटी में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए स्थानीय देवी-देवताओं का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अमन-चैन बना रहे और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को गंभीरता से काम करना चाहिए।उन्होंने प्रशासन और सरकार से आग्रह किया कि पर्यटन सीजन के मद्देनजर सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा यातायात प्रबंधन को मजबूत करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को राहत मिल सके।