मंडी, धर्मवीर-: मंडी शहर में बुधवार देर रात एक ट्रक चालक की लापरवाही के कारण बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क निर्माण कार्य के लिए लोडर मशीन लेकर जा रहे एक ट्रक ने रास्ते में बिजली की मुख्य तारों और कई पोलों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे शहर के करीब 20 प्रतिशत हिस्से में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस घटना के चलते लोगों को पूरे दिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है। ट्रक चालक लोडर मशीन को लेकर शहर से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि मशीन की ऊंचाई अधिक होने के बावजूद चालक ने बिजली की तारों और पोलों पर ध्यान नहीं दिया। परिणामस्वरूप ट्रक कई सौ मीटर तक बिजली की मुख्य लाइन को नुकसान पहुंचाता हुआ आगे बढ़ गया। इस दौरान कुछ बिजली पोल भी टूट गए, जिससे बड़े क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।घटना का पता सुबह लगने पर विद्युत विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपने कर्मचारियों को मौके पर भेजा। सेरी बाजार, स्कूल बाजार, जेल रोड, पैलेस कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू किया गया। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच विभागीय कर्मचारी घंटों तक मरम्मत कार्य में जुटे रहे और क्षतिग्रस्त तारों व पोलों को बदलने का काम किया।स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि दिनभर बिजली न होने से कारोबार प्रभावित रहा। दुकानों में कामकाज बाधित हुआ और गर्म मौसम के कारण लोगों को अतिरिक्त परेशानियां झेलनी पड़ीं। व्यापारियों ने मांग की कि बिजली की लाइनों को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से स्थापित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
उधर, विद्युत मंडल मंडी के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता राजेश कौंडल ने बताया कि मामले में ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। विभाग को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और नियमानुसार इसकी भरपाई संबंधित चालक से करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य तेजी से पूरा किया गया।