Summer express, नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मानसून और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर सहित 20 से अधिक राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में दिनभर बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम करवट ले सकता है। प्रयागराज में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
बिहार में 17 से 19 जून के बीच पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार और अररिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
हरियाणा में भी मौसम विभाग ने सभी 23 जिलों के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि 18 जून के बाद मौसम साफ होने और तापमान में फिर बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।
राजस्थान के जयपुर, अजमेर, अलवर, कोटा, उदयपुर और बीकानेर संभाग में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। रेगिस्तानी इलाकों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है, जिससे दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। हिमाचल में 18 और 19 जून को भारी बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में 19 और 20 जून को तेज बारिश, तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, सिक्किम, ओडिशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा, असम, नागालैंड, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में आज बारिश दर्ज की जा सकती है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।