आईएचएम के विशेषज्ञों ने जेल कैदियों को सिखाए कुकिंग के गुर

Karuna
2 Min Read

Summer express, आरविंदर सिंह, हमीरपुर | हमीरपुर जिला कारागार में सजायाफ्ता कैदियों को भविष्य में स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक विशेष पहल की है। होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर के सहयोग से कैदियों के लिए पांच दिवसीय कुकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

एडीसी एवं होटल प्रबंधन संस्थान हमीरपुर के कार्यकारी प्रधानाचार्य अभिषेक कुमार गर्ग ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्थान के विशेषज्ञों ने 25 से अधिक कैदियों को कुकिंग का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान कैदियों को बेकरी उत्पाद, सैंडविच, बर्गर, पैट्टीज, स्वीट एंड साल्टेड कूकीज तथा समोसा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ तैयार करना सिखाया गया। इसके अलावा कैदियों को होटल प्रबंधन से जुड़ी अन्य सेवाओं और रोजगार के अवसरों की भी जानकारी दी गई।

अभिषेक कुमार गर्ग ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सजायाफ्ता कैदियों को सजा पूरी होने के बाद सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित करना और उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि सभी कैदियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में काफी रुचि दिखाई और उत्साह के साथ भाग लिया।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कौशल विकास कार्यक्रम कैदियों के पुनर्वास में अहम भूमिका निभा सकते हैं और उन्हें समाज की मुख्यधारा में दोबारा शामिल होने का अवसर प्रदान करते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *