Summer express, अंकुर कपूर ,अंबाला | अंबाला शहर की एशिया की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट में हर साल बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने इस बार पहले ही तैयारी शुरू कर दी है। हल्की बारिश में भी बाजार के जलमग्न होने और दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को हर बार लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता था। अब नगर निगम इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई करता नजर आ रहा है।

नगर निगम की टीम द्वारा मार्केट क्षेत्र में नालों की सफाई और अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नालों में जमा गंदगी और अवरोध के कारण बारिश का पानी सही तरीके से निकासी नहीं कर पाता था, जिससे पूरी मार्केट पानी में डूब जाती थी।
नगर निगम के जेई कमल गुलाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से समय रहते नालों की सफाई शुरू कर दी गई है। साथ ही जिन स्थानों पर अवैध अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही थी, वहां कार्रवाई कर रास्ता साफ किया जा रहा है।

व्यापारियों को उम्मीद है कि नगर निगम की इस पहल से आने वाले मानसून में उन्हें राहत मिलेगी और हर साल होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाव हो सकेगा।