summer express, सुन्दर कुंडू ,पलवल। गांधी जयंती के अवसर पर हरियाणा के खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने शुक्रवार को पलवल रेलवे स्टेशन परिसर में महात्मा गांधी को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेते हुए श्रमदान किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गौरव गौतम ने कहा कि पलवल रेलवे स्टेशन का महात्मा गांधी के जीवन से ऐतिहासिक संबंध रहा है। उन्होंने बताया कि रॉलेट एक्ट के विरोध के दौरान 10 अप्रैल 1919 को महात्मा गांधी की पहली राजनीतिक गिरफ्तारी पलवल रेलवे स्टेशन पर हुई थी। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी विशेष महत्व दिया था। उनके विचारों को जीवन में अपनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से पलवल रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है। स्टेशन पर लिफ्ट सहित यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। साथ ही, पलवल जिले में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
गौरव गौतम ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को याद किया। इसके अलावा उन्होंने हाल में विमान में हुई एक घटना के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए पायलट के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी संकट की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की विपक्षी दलों की मांग पर गौरव गौतम ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों के बीच आपसी मतभेद हैं और कई सहयोगी दल कांग्रेस के साथ एकजुट दिखाई नहीं दे रहे हैं। एक नवंबर को प्रस्तावित विपक्षी रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्षी दलों के आपसी तालमेल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं।