तोड़फोड़ और हिंसा में शामिल होने का आरोप, अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
समर न्यूज। फगवाड़ा
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रा से दुष्कर्म की अपुष्ट सूचना के बाद हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान फगवाड़ा के टिब्बी मोहल्ला निवासी गगन, जेम्स दहिया और अभि के रूप में हुई है।
पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की। तीनों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से परिसर में तोड़फोड़, आगजनी और अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी। एलपीयू में हुई हिंसा के संबंध में पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं और विशेष जांच दल भी गठित किया है।
पंजाब को अस्थिर करने की साजिश: मित्तल
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के चांसलर और राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल ने विश्वविद्यालय में हुई हिंसा और तोड़फोड़ को पंजाब तथा एलपीयू को नुकसान पहुंचाने की कथित साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि चितकारा यूनिवर्सिटी और एलपीयू में लगातार सामने आई घटनाओं का तरीका मिलता-जुलता है और दोनों मामलों में सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं के बाद छात्रों का विरोध तेज हुआ। हालांकि, इन घटनाओं के बीच किसी सीधे संबंध की अभी जांच हो रही है।