Summer express, नई दिल्ली। घरेलू वायदा बाजार और सर्राफा बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मजबूत अमेरिकी डॉलर, वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और निवेशकों की सतर्क रणनीति के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मंगलवार को 10 ग्राम सोना 978 रुपये की गिरावट के साथ 1,45,939 रुपये पर कारोबार करता नजर आया। वहीं चांदी की कीमत में 2,714 रुपये की बड़ी कमजोरी दर्ज की गई और यह 2,33,385 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोमवार को सोने के दाम 150 रुपये घटकर 1,50,650 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गए। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,50,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। चार दिनों की लगातार तेजी के बाद चांदी 5,000 रुपये सस्ती होकर 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। इससे पहले शुक्रवार को इसका बंद भाव 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि मजबूत डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी मौद्रिक नीति को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं। वहीं पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच निवेशकों ने जोखिम और सुरक्षित निवेश के बीच संतुलन बनाने की रणनीति अपनाई है, जिसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है।