सागर | मोहाली
समर न्यूज
भाजपा पंजाब के स्टेट एग्जीक्यूटिव सदस्य रमेश कुमार वर्मा ने पंजाब सरकार की प्रस्तावित ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ को लेकर सवाल उठाते हुए कहा है कि यदि यह पंजाब सरकार की योजना है तो इसका लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र महिलाओं तक पहुंचना चाहिए।
वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के साढ़े चार वर्ष बीत जाने के बाद अब चुनाव नजदीक आने पर इस योजना को लागू करने की बात की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि इस योजना के आवेदन केवल आम आदमी पार्टी के स्वयंसेवकों के माध्यम से ही भरवाए जा रहे हैं और आम लोगों को समान रूप से आवेदन करने का अवसर नहीं मिल रहा, तो इससे योजना की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
रमेश कुमार वर्मा ने मांग की कि यदि यह पंजाब सरकार की योजना है तो इसके आवेदन फॉर्म सुविधा केंद्रों, सरकारी कार्यालयों अथवा सरकारी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सभी पात्र महिलाओं के लिए उपलब्ध कराए जाएं। किसी भी महिला को उसकी राजनीतिक विचारधारा या किसी दल से जुड़े होने के आधार पर लाभ से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में महिला कल्याण योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों को खुली और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लाभ दिया जाता है। पंजाब में भी ऐसी ही व्यवस्था लागू की जानी चाहिए ताकि प्रत्येक पात्र महिला बिना किसी सिफारिश या राजनीतिक संपर्क के आवेदन कर सके।
वर्मा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से स्पष्ट करने की मांग की कि यह योजना पंजाब सरकार की है या किसी राजनीतिक दल का अभियान। यदि यह सरकारी योजना है तो इसकी पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सार्वजनिक और सभी पात्र महिलाओं के लिए समान रूप से उपलब्ध कराई जाए।
भाजपा इस मुद्दे को जनता की आवाज के रूप में लगातार उठाती रहेगी और किसी भी सरकारी योजना में पक्षपात का विरोध करती रहेगी।