Summer express, अमृतसर I पंजाब में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 9 से 12 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है। मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं किसानों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 9 और 10 जुलाई को राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 11 से 13 जुलाई तक भी अलग-अलग क्षेत्रों में वर्षा जारी रहने के आसार हैं। 14 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों से बचने, खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से परहेज करने और खुले में रखी फसलों व सामान को सुरक्षित रखने की सलाह दी है।
तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट
बुधवार को पंजाब के अधिकतम तापमान में मंगलवार की तुलना में औसतन तीन डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। सबसे अधिक 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया।
प्रमुख शहरों में अमृतसर का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री, लुधियाना 33.0 डिग्री, जालंधर 31.2 डिग्री, पटियाला 31.2 डिग्री, पठानकोट 34.1 डिग्री, बठिंडा 35.0 डिग्री, गुरदासपुर 33.0 डिग्री, होशियारपुर 32.6 डिग्री, मोगा 33.0 डिग्री, मोहाली 31.8 डिग्री, श्री मुक्तसर साहिब 35.3 डिग्री, फाजिल्का 37.4 डिग्री और संगरूर 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से कम रहने से लोगों को राहत महसूस हुई।
24 घंटे में कई जिलों में हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक पांच सेंटीमीटर वर्षा शहीद भगत सिंह नगर में रिकॉर्ड की गई। फरीदकोट और समाना में दो-दो सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि अन्य जिलों में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई।
किसानों और आम लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने और बारिश के दौरान उर्वरकों व कीटनाशकों का छिड़काव फिलहाल टालने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, कमजोर ढांचों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।
विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि कुछ इलाकों में जलभराव, फिसलन और यातायात प्रभावित होने जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं। इसलिए लोगों को मौसम के ताजा अपडेट के अनुसार ही अपनी यात्रा और अन्य जरूरी कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।