होशियारपुर। होशियारपुर जिले के टांडा थाने के पूर्व एसएचओ इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा को पंजाब पुलिस ने 4 करोड़ रुपये से अधिक की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई की ओर से लगाए गए आरोपों और मामले से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर की गई है। पुलिस के अनुसार नागरा पर अमेरिका में रहने वाले एक परिवार से कथित तौर पर रंगदारी मांगने और उन्हें हत्या के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप है।
यह मामला अमेरिका में चल रही “ऑपरेशन हार्ड बॉल” जांच से जुड़ा है। एफबीआई ने आरोप लगाया था कि टांडा थाने के तत्कालीन एसएचओ गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने कथित तौर पर गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों के साथ मिलकर अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के परिवार को निशाना बनाया। आरोप है कि परिवार को पंजाब में दर्ज एक हत्या मामले में फंसाने की धमकी देकर करीब 4 लाख अमेरिकी डॉलर (3.3 से 3.8 करोड़ रुपये) की मांग की गई।