Summer express, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा स्थित मिनी सचिवालय परिसर की बाहरी दीवारों पर प्रवासी लोगों के विरोध में आपत्तिजनक नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी नारों को हटवा दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और शरारती तत्वों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात या सोमवार तड़के किसी अज्ञात व्यक्ति ने एसएसपी कार्यालय और डीसी आवास के समीप स्थित मिनी सचिवालय की बाहरी दीवारों पर प्रवासियों के खिलाफ नारे लिख दिए। सोमवार सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर इन नारों पर पड़ी तो इसकी सूचना प्रशासन को दी गई।
बताया जा रहा है कि रविवार होने के कारण मिनी सचिवालय में सामान्य दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही कम थी, जिसके चलते घटना की जानकारी प्रशासन को कुछ देर बाद मिली। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गेट नंबर-4 के पास से लेकर आगे तक करीब चार स्थानों पर दीवारों पर नारे लिखे गए थे।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति से बचने के लिए दीवारों पर लिखे सभी नारों को तुरंत रंग और पेंट से ढंकवा दिया गया। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
घटना के बाद सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदनशील प्रशासनिक भवनों के आसपास रात के समय पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
गौरतलब है कि करीब एक वर्ष पहले भी इसी क्षेत्र में अज्ञात लोगों द्वारा दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने का मामला सामने आया था। इस बार भी पुलिस और प्रशासन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।