Summer express, मोहाली। चार हत्याओं समेत कई संगीन मामलों में वांछित गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को आखिरकार पंजाब पुलिस ने भारत लाने में सफलता हासिल कर ली है। करीब छह महीने तक चली अंतरराष्ट्रीय कानूनी प्रक्रिया और संयुक्त अभियान के बाद आरोपी को इंडोनेशिया से डिपोर्ट कर रविवार को मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाया गया।
एयरपोर्ट पर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अमृतसर पुलिस ने गैंगस्टर को अपनी हिरासत में ले लिया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एयरपोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बाहर निकलते समय आरोपी का चेहरा काले कपड़े से ढका गया और कड़ी सुरक्षा के बीच उसे अमृतसर ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार जोबन बिल्ला लंबे समय से विदेश में रहकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके खिलाफ पंजाब में चार हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि विदेश में रहते हुए भी वह अपने गैंग और आपराधिक नेटवर्क के संपर्क में बना हुआ था।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी को भारत लाने के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF), ओएफटीईसी पंजाब और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। करीब छह महीने तक तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचनाओं और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के समन्वय के बाद इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उसे डिपोर्ट कराया गया।
अब पुलिस की जांच का केंद्र गैंगस्टर के विदेशी संपर्कों और पंजाब में सक्रिय उसके नेटवर्क पर रहेगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि विदेश में रहते हुए वह किन लोगों के संपर्क में था, अपने गिरोह का संचालन कैसे कर रहा था और विभिन्न आपराधिक मामलों में उसकी क्या भूमिका रही।
जांच एजेंसियां उसके आर्थिक स्रोतों, विदेशी नेटवर्क और फरार साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाएंगी। पंजाब पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और विदेशों में छिपे अपराधियों को भी कानून के दायरे में लाने के लिए भविष्य में इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।