Summer express, नारनौल | हरियाणा के नारनौल में फायर एनओसी जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की रेवाड़ी इकाई ने फायर स्टेशन में तैनात फायरमैन संदीप यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसवी एंड एसीबी के इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के अनुसार, रेवाड़ी जिले के डाडरा निवासी धनीराम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने नारनौल स्थित अपने मेडिकल स्टोर और अस्पताल के लिए फायर सेफ्टी उपकरण लगवाने के बाद फायर एनओसी के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि प्रक्रिया पूरी कराने के बदले फायरमैन संदीप यादव ने 75 से 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को 20 हजार रुपये दिए। जैसे ही फायरमैन ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर मौजूद एसवी एंड एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
अधिकारियों ने बताया कि पूरी ट्रैप कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा-105 के तहत निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई।
विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी फायरमैन के खिलाफ गुरुग्राम स्थित एसवी एंड एसीबी थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस कथित रिश्वतखोरी के मामले में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल था या नहीं।