Summer express, अंबाला , अंकुर कपूर | हरियाणा के अंबाला में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से आसमान पर घने बादल छाए रहे और इसके बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया और पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली।
बारिश के बाद शहर के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। सुबह का तापमान घटकर करीब 26 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। लगातार उमस और तेज गर्मी से परेशान लोग बारिश के बाद राहत महसूस करते नजर आए।
मौसम में आए बदलाव का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलने की उम्मीद है। हल्की बारिश से धान की फसल को पर्याप्त नमी मिलेगी, जिससे फसल की बढ़वार बेहतर होने की संभावना है। बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर भी खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने इसे खेती के लिए शुभ संकेत बताया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। ऐसे में तापमान में और गिरावट आने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं किसानों को भी उम्मीद है कि मानसून की यह बारिश खरीफ फसलों, विशेषकर धान की खेती के लिए लाभदायक साबित होगी।