Summer express/सोलन, भूपेंद्र- कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शमलेच के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार कार की लापरवाही एक बार फिर सड़क हादसे का कारण बन गई। सड़क किनारे खड़ी एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक कार सोलन से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। शमलेच के पास पहुँचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।हादसे में घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थान रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि शमलेच और इसके आसपास के क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर गति सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, नियमित निगरानी बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेत और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।