Summer express, मोहाली I लोक जनशक्ति पार्टी के पंजाब प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव के.पी. चौधरी ने कहा कि पार्टी आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और जल्द ही पंजाब प्रदेश संगठन की घोषणा की जाएगी।
मोहाली के फेज-11 स्थित रेडिसन रेड होटल में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान अब हर सोमवार पंजाब के लोगों के बीच रहेंगे। इस दौरान वे लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास करेंगे।
के.पी. चौधरी ने कहा कि चिराग पासवान अपने पिता रामविलास पासवान की तरह पंजाब के लोगों से विशेष लगाव रखते हैं और इसी भावना के तहत उन्होंने यह पहल शुरू करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन के गठन के बाद जिला स्तर पर सक्रिय और जुझारू कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़कर उन्हें संगठन में जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय पासवान ने हाल ही में लुधियाना में पार्टी के राज्य कार्यालय का उद्घाटन किया है और आने वाले दिनों में पंजाब में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर सुखदेव सिंह पंजेटा, संजीव थापर, विक्रम सिंह बाजवा, सुनील कुमार जैन, करमजीत सिंह मोहाली, प्रोफेसर गुरनाम सिंह, गुरजिंदर सिंह मोहाली, सेवानिवृत्त एसएसपी सुनील कुमार, अशोक कंबोज, बलजिंदर सिंह, एडवोकेट खुशबू मिश्रा, गुरकवल सिंह, सरबजीत सिंह और हरविंदर सिंह सरपंच सहित अन्य मौजूद रहे।