Summer express, कैथल (बलिंदर कुमार)। कैथल जिले के पूंडरी और बाता क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में वांछित आरोपी को सीआईए कलायत की टीम ने पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रात के समय क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टोहाना निवासी एक युवक अवैध हथियार के साथ बाता-चोशाला रोड पर मौजूद है और वह पूंडरी व बाता क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में वांछित है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात करीब एक बजे बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा और उसने अवैध पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी देते हुए हवाई फायर किए, लेकिन आरोपी नहीं माना और दोबारा पुलिस पर गोली चला दी।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के लिए नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गया। पुलिस टीम ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान टोहाना निवासी राहुल उर्फ बच्ची के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उससे जिले में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। मामले की गहन जांच जारी है।