सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
नगर निगम की एमसी बलजीत कौर ने कहा कि फेस-5 में करवाए गए विकास कार्यों की तर्ज पर अब वार्ड में शामिल नए क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस बार उनके वार्ड में 3बी2, सेक्टर-71 के कुछ हिस्से और इंडस्ट्रियल एरिया भी शामिल हुए हैं। इन क्षेत्रों के लोगों से संपर्क कर समस्याओं की पहचान की जा रही है, ताकि प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि वार्ड के सभी हिस्सों में समान रूप से विकास कार्य करवाने और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बलजीत कौर ने बताया कि फेस-5 में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले काजवे प्रोजेक्ट को पूरा करवाया गया। इसके अलावा बैडमिंटन और वॉलीबॉल के लिए सुविधाएं विकसित की गईं और कोच की व्यवस्था भी करवाई गई। पार्कों की सफाई और रखरखाव, सड़कों के निर्माण तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी विभिन्न काम करवाए गए।
उन्होंने कहा कि नए शामिल क्षेत्रों से सबसे अधिक शिकायतें सीवरेज और पानी से जुड़ी सामने आ रही हैं। कुछ स्थानों पर पुरानी पाइपलाइन होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए मेयर और नगर निगम कमिश्नर से मुलाकात कर संबंधित क्षेत्रों का सर्वे करवाया जाएगा और जरूरत के अनुसार एस्टिमेट तैयार करवाए जाएंगे।
‘लोगों के सहयोग से तैयार होगा विकास का नया मॉडल’
बलजीत कौर ने कहा कि फेस-5 में लोगों के सहयोग से कई काम पूरे करवाए गए हैं। अब 3बी2, सेक्टर-71, इंडस्ट्रियल एरिया और अन्य नए हिस्सों में भी स्थानीय निवासियों से सुझाव लेकर प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। सड़क, सीवरेज, पानी, पार्क और खेल सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
नए क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार होंगे काम
परविंदर कौर ने कहा कि कुंभड़ा एमसी ने कहा कि एस्टिमेट तैयार होने के बाद जहां जरूरत होगी, वहां नई पानी और सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के साथ अन्य जरूरी विकास कार्य भी करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केवल एक क्षेत्र तक विकास सीमित न रहे, बल्कि पूरे वार्ड को समान सुविधाएं मिलें, इसी दिशा में काम किया जाएगा।