{बारिश में बढ़ जाता है खतरा, ग्रामीण लाइन बनाकर स्कूली बच्चों को कराते हैं नदी पार; स्थायी पुल बनाने की मांग
श्री राम | मोरनी हिल्स
समर न्यूज
मोरनी क्षेत्र के अंबिया गांव में बारिश के दिनों में ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। गांव तक पहुंचने के लिए नदी पार करना लोगों की मजबूरी बनी हुई है। तेज बारिश के बाद नदी का बहाव बढ़ने पर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की जान पर खतरा मंडराता रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार, नदी पर स्थायी पुल नहीं होने के कारण उन्हें बारिश और तेज बहाव के बीच नदी पार करनी पड़ती है।
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। कई बार ग्रामीण खुद लाइन बनाकर बच्चों को सुरक्षित तरीके से नदी पार करवाते हैं। इस दौरान जरा सी लापरवाही या पैर फिसलने से बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने के कारण स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है। इसके बावजूद रोजमर्रा के काम और बच्चों की पढ़ाई के लिए उन्हें यह जोखिम उठाना पड़ता है। यहां हमेश हादसे का खतरा बना रहता है।