सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
मोहाली के नए आईपीएस एसएसपी वरुण शर्मा ने गुरुवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मोहाली में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री और डीजीपी पंजाब का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें मोहाली में क्राइम कंट्रोल की जिम्मेदारी दी गई है। एसएसपी वरुण शर्मा ने स्पष्ट किया कि ऑर्गनाइज्ड क्राइम, एक्सटॉर्शन और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। अपराधियों पर पुलिस की सख्त नजर रहेगी और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएसपी वरुण शर्मा ने कहा कि पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। इसके लिए वह शहर की विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों, आरडब्ल्यूए और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और पुलिस के स्तर पर उनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पब्लिक से उनका लगातार इंटरैक्शन रहेगा। यदि किसी नागरिक के पास पुलिस व्यवस्था को लेकर कोई सुझाव है, नशा तस्करों के बारे में जानकारी है या किसी अपराध से संबंधित सूचना है तो वह पुलिस तक पहुंचा सकता है।
एसएसपी ने कहा कि आज के समय में साइबर फ्रॉड भी बड़ी चुनौती है। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है या उसे किसी तरह की साइबर समस्या का सामना करना पड़ता है तो पुलिस उसकी मदद के लिए उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा नशा तस्करी से संबंधित जानकारी भी लोग पुलिस के साथ साझा कर सकते हैं।