सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर गौरव गौतम ने अधिकारियों के साथ की बैठक

Karuna
3 Min Read

summer express,सुन्दर कुंडू, पलवल। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला सचिवालय के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। बैठक में उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर सहित जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

गौरव गौतम ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर समाज के अलग-अलग वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा को महज एक गतिविधि तक सीमित न रखकर सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। रक्तदान जैसे जनसेवा कार्यों के जरिए जरूरतमंदों की सहायता को बढ़ावा मिलेगा। वहीं ‘चित्र सेवा’ और ‘अनकही कहानियां’ जैसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच और सेवा भावना को सामने लाने का काम करेंगे।

खेल राज्य मंत्री ने बताया कि ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए सेवा कार्यों में नए विचार और नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याण के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने का प्रयास होगा। अभियान का व्यापक उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट कर सेवा, सहयोग और सहभागिता की संस्कृति को मजबूत करना है। साथ ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को रेखांकित करने में भी यह अभियान महत्वपूर्ण साबित होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *