Summer express,रोहतक | भाली आनंदपुर के पास शुगर मिल के सामने माड़ौदी रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों की पहचान आंवल गांव निवासी संजय और कहानौर निवासी सुमन के रूप में हुई है। सुमन ग्रुप-डी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों अपने कार्यस्थल से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान माड़ौदी रोड पर अचानक दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दूसरी बाइक का चालक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
मृतक संजय आंवल गांव का रहने वाला था और चमारिया रोड स्थित निशान एजेंसी में मैकेनिक का काम करता था, जबकि सुमन नजदीक ही रामा मोटर्स में ग्रुप-डी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। दोनों रोजाना बाइक से आना-जाना करते थे।
परिजनों के अनुसार, संजय अपने परिवार में चार भाई-बहनों में से एक था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि एक बाइक चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से बचने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायल चालक से भी पूछताछ की जा रही है।