summer express, बहादुरगढ़। टीकरी बॉर्डर के पास स्थित ऑस्कर ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स में तड़के दो कर्मचारियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों अस्पताल परिसर में अचेत अवस्था में मिले थे। उन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय सचिन निवासी सफीदों, जींद और 25 वर्षीय विकास निवासी बोहर, रोहतक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सचिन अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर कार्यरत था और प्रीत विहार, बालौर रोड स्थित किराये के मकान में रहता था। उसकी पत्नी शीतल बहादुरगढ़ के दीवान अस्पताल में रिसेप्शन पर काम करती है। रात करीब सवा 12 बजे शीतल ने सचिन को कई बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। किसी अनहोनी की आशंका के चलते वह करीब एक बजे दीवान अस्पताल के कुछ कर्मचारियों के साथ ऑस्कर अस्पताल पहुंची।
अस्पताल पहुंचने पर सचिन और विकास दोनों अचेत हालत में मिले। सचिन को तुरंत सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं विकास अस्पताल में एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। प्रारंभिक जानकारी में उसके नशे का सेवन करने और नशीले पदार्थ के इंजेक्शन लगाने की बात सामने आई है। अस्पताल परिसर में ही उसकी भी मौत हो गई।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार सुबह नागरिक अस्पताल झज्जर भेज दिया गया। सूचना मिलने के बाद थाना शहर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या दोनों ने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था या उनकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह रही। थाना शहर के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।