करनाल | हरियाणा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है और ताज़ा वारदात ने फिर से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करनाल के निगदू गांव में एक युवक पर छह हमलावरों ने चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बलराम रात करीब 8:30 बजे सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के पास एक युवक के साथ खड़ा था। इसी दौरान अचानक छह युवक वहां पहुंचे और बलराम पर ताबड़तोड़ चाकुओं से वार कर दिए। हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस को दिए बयान में बलराम ने बताया कि करीब एक माह पहले गांव की गली से गुजरते समय तीन आरोपियों से कहासुनी हुई थी। उसी रंजिश का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।
परिजनों ने इस घटना को पूरी तरह से सोची-समझी साजिश बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। यह वारदात न केवल गांव बल्कि पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में दहशत का माहौल है।