Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-: जिला कांगड़ा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धर्मशाला में दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17.50 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा और एक लाख रुपये की नकदी बरामद की है।वहीं, नशा तस्करी से जुड़े लोगों की अवैध संपत्तियों पर भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।कांगड़ा पुलिस अब तक करीब छह करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। यह जानकारी जिला कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा ने दी।
योल में संदिग्ध व्यक्ति से चिट्टा बरामद
पुलिस के अनुसार, पहला मामला धर्मशाला पुलिस थाना क्षेत्र के तहत योल के पास सामने आया। यहां पुलिस को एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7.14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।पुलिस ने आरोपी की पहचान गौरव शर्मा निवासी श्याम नगर, धर्मशाला के रूप में की है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
निजी होटल में दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में धर्मशाला स्थित एक निजी होटल में नशे की गतिविधियों को लेकर मिली सूचना के आधार पर सीआईए कांगड़ा की टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों के कब्जे से 10.36 ग्राम चिट्टा और एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार निवासी जलालाबाद, फाजिल्का और मनजीत सिंह निवासी मुंडी खरड़, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।
एक लाख रुपये के स्रोत की जांच
एसपी कुलभूषण वर्मा के मुताबिक, होटल से बरामद एक लाख रुपये की नकदी के संबंध में आरोपी संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए हैं। पुलिस को आशंका है कि यह रकम नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, नकदी के वास्तविक स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
छह करोड़ की संपत्ति जब्त, तीन मामलों में अनुमति लंबित
एसपी ने बताया कि नशे के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा आरोपियों की वित्तीय जांच कर अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों की पहचान की जाती है। ऐसी संपत्तियों को फ्रीज करने और जब्त करने के लिए सक्षम प्राधिकारी SAFEMA, नई दिल्ली को मामले भेजे जाते हैं।उन्होंने बताया कि कांगड़ा पुलिस अब तक करीब छह करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई कर चुकी है, जबकि तीन मामलों में अनुमति मिलना बाकी है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।