Summer express/ऊना, राकेश-: जिले में सरकारी और निजी स्कूलों के समय में एक बार फिर बदलाव किया गया है। अब 18 सितंबर से ऊना जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक संचालित होंगे। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष जतिन लाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 33 और 34 के तहत आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल और सेकेंडरी स्तर के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में नया समय लागू होगा। स्कूल सुबह 9 बजे शुरू होंगे और शाम 3 बजे तक शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा।गौरतलब है कि जिले में गर्मी और उमस की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने 1 सितंबर से स्कूलों का समय बदलकर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर दिया था। अब मौसम की स्थिति में बदलाव को देखते हुए स्कूलों का समय दोबारा निर्धारित किया गया है।जिला प्रशासन ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को 18 सितंबर से नए निर्धारित समय के अनुसार स्कूल संचालित करने के निर्देश दिए हैं।