Summer express/शिमला-: दीपावली पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन शिमला ने पटाखों और आतिशबाजी की अवैध बिक्री, भंडारण, परिवहन और वितरण के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने आम जनता, व्यापारियों और पटाखा विक्रेताओं से नियमों का पालन करने की अपील की है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पटाखों की बिक्री, भंडारण, परिवहन और वितरण विस्फोटक अधिनियम, 1884, विस्फोटक नियम, 2008 तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी लाइसेंस और अनुमति की शर्तों के अनुसार ही किया जा सकेगा।
लाइसेंस प्राप्त दुकानदारों को भी नियमों का पालन जरूरी
जिला प्रशासन के अनुसार सभी लाइसेंसधारक पटाखा विक्रेताओं को अपने लाइसेंस वैध और नवीनीकृत रखने होंगे। पटाखों की बिक्री और भंडारण केवल अधिकृत परिसरों में तथा लाइसेंस में निर्धारित मात्रा और शर्तों के अनुसार ही किया जा सकेगा।भंडारण स्थलों पर अग्नि सुरक्षा और अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा, आपातकालीन प्रवेश एवं निकास सहित आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस वाले परिसरों, आवासीय भवनों अथवा अस्थायी ढांचों में पटाखों का भंडारण या बिक्री नहीं की जा सकेगी।लाइसेंसधारकों को लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज
निरीक्षण के दौरान उपलब्ध कराने होंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पटाखों की जब्ती के साथ लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों पर प्रशासन की नजर
उपायुक्त ने संबंधित एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को बाजारों, लाइसेंस प्राप्त परिसरों, पटाखा भंडारण स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं पटाखों की अवैध बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
निर्धारित समय में ही चलाए जाएं पटाखे
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि आतिशबाजी के संबंध में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। पटाखों का उपयोग निर्धारित समयावधि में ही किया जाए।उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर सुरक्षित, कानूनसम्मत और पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाएं।