अशवनी पाहवा/ शेखर वर्मा
समर न्यूज | लुधियाना
आत्म पार्क इलाके के पास महज 400 रुपये के बकाया पैसे मांगना पान कैफे मालिक को भारी पड़ गया। चार महीने से उधार चल रहे पैसे मांगने पर पुराने ग्राहक इस कदर भड़क गए कि उन्होंने कैफे का दरवाजा तोड़ दिया और जबरन अंदर घुसकर मालिक कृष्ण लाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि चार पुरुषों और एक महिला ने मिलकर उसे पीटा और दुकान से बाहर घसीटकर ले जाने का प्रयास किया। हमले में कृष्ण लाल के सिर पर तीन गहरे घाव आए और उसे सात टांके लगाने पड़े। पूरी वारदात कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित कृष्ण लाल ने बताया कि आरोपी उसके पुराने ग्राहक हैं और रेलवे लाइन के पास ही रहते हैं। घटना के समय कैफे का दरवाजा बंद था। आरोपियों ने पहले दरवाजे पर पहुंचकर सिगरेट मांगी। इसी दौरान कृष्ण लाल ने उनसे चार महीने से बकाया 400 रुपये देने को कहा। आरोप है कि पैसे मांगते ही आरोपी भड़क गए और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने कैफे का दरवाजा तोड़ दिया और जबरन अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने कृष्ण लाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में चार पुरुषों और एक महिला को पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है।