summer express ,भूपेंद्र ठाकुर,सोलन। प्रणव थिएटर और बियोंड थिएटर, सोलन से अभिनय की शुरुआत करने वाली प्रमुख अभिनेत्री अनुशी शर्मा की चर्चित फिल्म ‘खूंटा’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। हिमाचली कलाकारों से सजी इस फिल्म का लेखन और निर्देशन अनुशी शर्मा ने किया है। उन्होंने फिल्म में मुख्य अभिनेत्री की भूमिका भी निभाई है। फिल्म के निर्माता मुकेश मोदी हैं।
हिमाचल और उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर बनी ‘खूंटा’ की शूटिंग पहाड़ी क्षेत्रों की प्राकृतिक खूबसूरती और देव परंपराओं के बीच की गई है। फिल्म में पहाड़ों में रहने वाले लोगों के संघर्ष, उनकी संवेदनाओं और सामाजिक परिस्थितियों को कहानी के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही प्रकृति के साथ बढ़ती छेड़छाड़ और उसके दुष्परिणामों को भी फिल्म का हिस्सा बनाया गया है। फिल्म का पहाड़ी संगीत भी दर्शकों के बीच पहले से चर्चा में है।
अनुशी शर्मा ने सोलन के पीजी कॉलेज से विज्ञान विषय में पढ़ाई की। वर्ष 2014 में उन्होंने प्रणव थिएटर और बियोंड थिएटर, सोलन के माध्यम से रंगमंच की दुनिया में कदम रखा। रंगकर्मी संजीव अरोड़ा के निर्देशन में उन्होंने ‘गुड़ का हलवा’ नाटक में पहाड़ी महिला की भूमिका निभाई। अन्नदाता की पीड़ा पर आधारित इस नाटक में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली और विभिन्न प्रतिष्ठित नाट्य उत्सवों में उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान भी मिला।
इसके अलावा अनुशी शर्मा ने ‘जिस लाहौर नई देख्या ओ जम्याई नई’ में हिंदू महिला का सशक्त किरदार निभाया। महाभारत पर आधारित नाटक ‘बरसी’ में उन्होंने सुभद्रा की भूमिका भी प्रभावी ढंग से निभाई। इसके अलावा कई अन्य नाटकों में अभिनय के जरिए उन्होंने अपनी पहचान बनाई। इन नाटकों की परिकल्पना और निर्देशन संजीव अरोड़ा ने किया था।
रंगमंच पर करीब चार-पांच वर्षों तक सक्रिय रहने के बाद अनुशी शर्मा पिछले छह-सात वर्षों से मुंबई में रहकर धारावाहिकों और अन्य प्रोजेक्ट्स में काम कर रही हैं। फिल्म ‘खूंटा’ को लेकर उन्होंने पिछले करीब तीन-चार वर्षों से लगातार मेहनत की। लेखन, निर्देशन और अभिनय की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने इस फिल्म को पहाड़ की संस्कृति, जीवन और प्रकृति से जोड़ने का प्रयास किया है।