Summer express/अंबाला-:अंबाला में राधाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राधा रानी के जन्मोत्सव को लेकर शहर के मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कहीं भजन-कीर्तन हो रहे हैं तो कहीं विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राधाष्टमी को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है।अंबाला के श्री सनातन धर्म मंदिर को राधाष्टमी के अवसर पर आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर परिसर में फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से विशेष सजावट की गई है। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर राधा रानी के दर्शन कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिर में राधा रानी के प्राकट्य उत्सव को लेकर विशेष पूजा, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
राधाष्टमी के चलते अंबाला के बाजारों में भी लोगों की चहल-पहल बढ़ गई है। श्रद्धालु राधा रानी के लिए नए वस्त्र, श्रृंगार सामग्री, फूल और पूजा का सामान खरीदते नजर आए। दुकानदारों के मुताबिक पर्व को लेकर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है।खरीदारी करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि वे राधाष्टमी को परिवार के सदस्य के जन्मदिन की तरह उत्साह और श्रद्धा से मना रहे हैं। घरों में भी राधा रानी की पूजा-अर्चना की जा रही है और प्रसाद तैयार किया जा रहा है।मंदिर के पुजारी बुद्धि बल्लभ शास्त्री ने बताया कि राधाष्टमी राधा रानी के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट करते हैं। उन्होंने लोगों से पर्व को श्रद्धा और धार्मिक भावना के साथ मनाने की अपील की।