Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता कर भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सुजानपुर में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा कि कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी कई सवाल पैदा करती है।
भारती ने विशेष रूप से पूछा कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और विधायक लखनपाल कार्यक्रम में क्यों नहीं पहुंचे।सुमन भारती ने कहा कि भाजपा में गुटबाजी अब सार्वजनिक रूप से दिखाई देने लगी है। उनके मुताबिक पार्टी के भीतर चल रही खींचतान का असर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग ठाकुर तक पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के नजदीक आयोजित कार्यक्रम में सांसद को आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा समर्थित कुछ बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों ने भी कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी।कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह ऐसे नेताओं को साथ लेकर चल रहे हैं, जिन पर हमीरपुर की अनदेखी के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के सम्मेलनों में छोटे स्तर से लेकर बड़े स्तर तक गुटबाजी दिखाई दे रही है। भारती ने कहा कि हमीरपुर के विकास का विरोध करने वालों को जनता आने वाले समय में जवाब देगी।उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें जानकारी मिल रही है कि हमीरपुर जिले का एक भाजपा नेता कांगड़ा में संभावित उम्मीदवारों को टिकट देने की बात कर रहा है और खुद को भविष्य का मुख्यमंत्री बताकर राजनीतिक गतिविधियां चला रहा है। हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया। भारती ने भाजपा से पूछा कि आखिर टिकट बांटने की बात कौन कर रहा है और टिकट के कथित सौदे को लेकर पार्टी की स्थिति क्या है।सुमन भारती ने हमीरपुर सदर के भाजपा विधायक और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक लगातार हमीरपुर के विकास और मुख्यमंत्री को लेकर कटाक्ष करते हैं। भारती ने कहा कि हमीरपुर के कुछ लोग जिले में हो रहे विकास को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कांग्रेस कार्यालय के लिए जमीन की प्रक्रिया को लेकर कहा कि इस संबंध में प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालय के लिए पूर्व जिला अध्यक्षों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर से लंबे समय से पत्राचार किया जाता रहा है।गौरतलब है कि सुजानपुर में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कार्यकाल के दौरान हुए सड़क निर्माण का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि उनके कार्यकाल में सबसे अधिक सड़कें बनीं और उन्हें किस नाम से याद रखा जाए, इसकी उन्हें चिंता नहीं है। उनके इस बयान को लेकर अब कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने सवाल उठाया है कि आखिर इस टिप्पणी के जरिए जयराम ठाकुर किस राजनीतिक संदेश की ओर इशारा कर रहे थे।