summer express , रोहतक। महम चौबीसी के भराण गांव में जमीन की खेवट को लेकर चल रहे विवाद ने रात हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद 48 वर्षीय किसान संजय पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल संजय को उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, भराण गांव निवासी संजय और कर्मबीर एक ही परिवार से हैं। दोनों पक्षों के बीच जमीन की खेवट को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। रविवार रात करीब सवा नौ बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और संजय पर हमला कर दिया।
गांव निवासी नवीन ने पुलिस को दी जानकारी में आरोप लगाया कि कर्मबीर, रमेश, सन्नी और दो अन्य लोगों ने संजय को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। हमले में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने देर रात उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद महम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में जमीन की खेवट को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
सितंबर में जिले में हत्या की पांचवीं वारदात
रोहतक जिले में सितंबर के दौरान हत्या की यह पांचवीं वारदात बताई जा रही है। इससे पहले ब्राह्मणवास गांव में एक महिला की उसके बेटे द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद यूपी के एक टैक्सी चालक की लूट के बाद हत्या कर दी गई थी और उसका शव मदीना गांव में आकाशवाणी के पीछे जली अवस्था में मिला था।
इसके अलावा महम के पार्क में जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय अरमान की चाकू मारकर हत्या की गई थी। निडाना गांव में भी पैसे के लेनदेन को लेकर एक किसान की हत्या का मामला सामने आया था। अब भराण गांव में जमीन विवाद के चलते किसान संजय की हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।