summer express , भिवानी। राजगढ़ रोड पर रसायन से भरा टैंकर पलटने के दो दिन बाद मंगलवार को सुरपुरा रोड स्थित नाले में एक बार फिर आग भड़क उठी। नाले में टैंकर से रिसकर पहुंचे रसायन में अचानक आग लग गई। आग से उठता धुआं आसमान में बवंडर की तरह दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को वहां से हटाया। बताया जा रहा है कि लोगों ने दमकल विभाग को भी सूचना दी थी, लेकिन करीब दो घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार रविवार को राजगढ़ रोड पर रसायन से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया था। टैंकर से निकला रसायन बहकर सुरपुरा रोड पर बने नालों में पहुंच गया था। मंगलवार को इसी नाले में जमा रसायन ने आग पकड़ ली। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
नाले में दोबारा आग भड़कने के बाद आसपास के इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को हटाया। प्रशासन की ओर से आग और नाले में जमा रसायन के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।