Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर शहर में पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर देश विरोधी गतिविधियों से संबंधित सामग्री साझा करने के मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले इनपुट के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस अब युवक के सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन गतिविधियों और उसके संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से 17 सितंबर को हमीरपुर पुलिस प्रशासन को एक पत्र भेजा गया था। इसमें संबंधित युवक की गतिविधियों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए थे। इनपुट में आशंका जताई गई थी कि सोशल मीडिया पर सक्रिय यह व्यक्ति किसी संदिग्ध नेटवर्क या देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े लोगों के संपर्क में हो सकता है।
प्रारंभिक जांच के बाद सदर थाना हमीरपुर में 21 सितंबर को मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने सोमवार देर रात शहर में रह रहे युवक को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक युवक पिछले करीब छह महीनों से हमीरपुर शहर में दर्जी का काम कर रहा था और मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।पुलिस अब युवक के सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन गतिविधियों को खंगालने के साथ-साथ उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा हमीरपुर में रहने के दौरान उसके नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और युवक की ऑनलाइन गतिविधियों समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।एसपी ने लोगों से अपील की कि वे अपने मकान या दुकान को किसी बाहरी व्यक्ति को किराए पर देने से पहले उसकी पहचान और दस्तावेजों का उचित सत्यापन जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को तुरंत सूचित किया जाना चाहिए।