राहुल चावला, धर्मशाला-:कांगड़ा कला संग्रहालय धर्मशाला की क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल की मरम्मत को लेकर लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बरसात के दौरान दीवार को हुए नुकसान के करीब दो महीने बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया है। संग्रहालय प्रबंधन के अनुसार, विभाग की ओर से ड्रेनेज से जुड़े कुछ कार्य जरूर करवाए गए हैं, लेकिन रिटेनिंग वॉल की मरम्मत के लिए अभी तक एस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध नहीं करवाया गया है।कांगड़ा कला संग्रहालय की क्यूरेटर डॉ. ऋतु मलकोटिया ने बताया कि 23 जुलाई को संबंधित अधिकारियों के साथ हुई बैठक में रिटेनिंग वॉल की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई थी। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद जल निकासी से संबंधित कुछ काम हुआ, लेकिन मुख्य समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है।
डॉ. मलकोटिया के मुताबिक, रिटेनिंग वॉल की समस्या को लेकर वर्ष 2023 से ही लोक निर्माण विभाग को लगातार पत्राचार के माध्यम से अवगत करवाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों और इंजीनियरिंग विंग की टीम ने मौके का निरीक्षण भी किया था। इसके बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है।उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से मिट्टी और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच के लिए एनआईटी के विशेषज्ञों को बुलाने की बात भी कही गई थी। संग्रहालय प्रबंधन का कहना है कि संबंधित अधिकारी पहले ही मौके की स्थिति देख चुके हैं और समस्या से परिचित हैं। ऐसे में अब तकनीकी प्रक्रिया को जल्द पूरा कर मरम्मत कार्य शुरू किया जाना जरूरी है।क्यूरेटर ने चिंता जताई कि यदि आगामी बरसात से पहले रिटेनिंग वॉल को सुरक्षित नहीं किया गया तो संग्रहालय परिसर के लिए खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने विभाग से एस्टीमेट तैयार कर शीघ्र काम शुरू करने की मांग की है।