Summer express/चंबा,मंजूर पठान-:चंबा जिले के सलूणी विकासखंड की ठाकुर मट्टी पंचायत में पंचायती चुनाव के परिणाम में चार महीने बाद बड़ा बदलाव सामने आया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दायर चुनाव याचिका पर हुई सुनवाई के पश्चात एसडीएम के निर्देश पर करवाई गई दोबारा मतगणना में पहले रनरअप रहीं भारती ठाकुर को विजेता घोषित किया गया है। रिकाउंटिंग में भारती ठाकुर ने संतोष कुमारी को 44 मतों के अंतर से पराजित किया।
जानकारी के अनुसार 26 मई को पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद संतोष कुमारी को 597 वोट मिले थे, जबकि भारती ठाकुर के पक्ष में 581 वोट पड़े थे। इस आधार पर संतोष कुमारी को प्रधान पद का विजेता घोषित किया गया था और भारती ठाकुर दूसरे स्थान पर रही थीं। मूल मतगणना में पांच वोट अवैध घोषित किए गए थे, जबकि चार मतदाताओं ने NOTA का विकल्प चुना था।चुनावी परिणाम से असंतुष्ट भारती ठाकुर ने मामले को लेकर एसडीएम के समक्ष चुनाव याचिका दायर की। याचिका पर सुनवाई के बाद एसडीएम ने मामले में दोबारा मतगणना करवाने के निर्देश जारी किए। इसके बाद ठाकुर मट्टी पंचायत के प्रधान पद के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतों की पुनर्गणना करवाई गई।बीडीओ सलूणी कंवर सिंह के अनुसार रिकाउंटिंग एसडीएम के निर्देशों के तहत उनकी मौजूदगी में करवाई गई। पुनर्मतगणना के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी, जिसमें सीडीपीओ, एसईपीओ और जेई को शामिल किया गया। कमेटी की मौजूदगी में मतों की दोबारा गिनती की गई।
रिकाउंटिंग के दौरान सामने आए आंकड़ों ने पहले घोषित परिणाम को बदल दिया। दोबारा मतगणना में संतोष कुमारी के मत 597 से घटकर 557 रह गए, जबकि भारती ठाकुर के मत 581 से बढ़कर 601 हो गए। वहीं, पहले दर्ज पांच अवैध मत और चार NOTA मतों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ।इस तरह पुनर्मतगणना के बाद भारती ठाकुर को कुल 601 मत और संतोष कुमारी को 557 मत प्राप्त हुए। दोनों प्रत्याशियों के बीच 44 मतों का अंतर रहा। इसके आधार पर भारती ठाकुर को ठाकुर मट्टी पंचायत के प्रधान पद पर विजेता घोषित किया गया।चार महीने बाद आए इस बदलाव से पंचायत का चुनावी परिणाम पूरी तरह बदल गया है। 26 मई के मूल परिणाम में संतोष कुमारी विजेता थीं, जबकि रिकाउंटिंग के बाद भारती ठाकुर ने प्रधान पद हासिल कर लिया है।