summer express , लुधियाना। मंजू सिनेमा के पास स्थित जंडू टावर में चोरों ने एक कारोबारी के दफ्तर को निशाना बनाकर करीब 20 से 25 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। बदमाश रेलवे ट्रैक की ओर से इमारत में दाखिल हुए और एआर इंटरप्राइजेज के कार्यालय का शटर व अलमारी का लॉकर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद आरोपियों ने कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और कैमरों को तोड़कर नीचे फेंक दिया।
सुबह दफ्तर पहुंचने पर चपड़ासी ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा। अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरा हुआ था और सेफ व अलमारी के लॉकर टूटे मिले। उसने तुरंत कंपनी के मालिक कमल शर्मा को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कमल शर्मा ने जांच की तो अलमारी में रखी करीब 20 से 25 लाख रुपये की व्यापारिक नकदी गायब मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
कमल शर्मा के अनुसार, उनकी कंपनी राइस मिलों में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनों की बिक्री और मेंटेनेंस का काम करती है। शुरुआती जांच के आधार पर आशंका है कि चोर रात करीब तीन बजे के बाद रेलवे ट्रैक की तरफ से जंडू टावर में दाखिल हुए। बदमाशों ने पहले सीसीटीवी कैमरों को निष्क्रिय किया और इसके बाद शटर के ताले तोड़कर कार्यालय में प्रवेश किया। अंदर अलमारी का लॉकर तोड़कर नकदी निकालने के बाद वे फरार हो गए।
सीए ऑफिस का ताला भी तोड़ा
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने उसी मंजिल पर स्थित एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के कार्यालय को भी निशाना बनाया। उन्होंने सीए ऑफिस के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वहां से कोई नकदी, लैपटॉप या महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हुए हैं या नहीं।
घटना की सूचना मिलते ही मिल्लरगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने टूटी अलमारी, लॉकर, शटर और फर्श से फिंगरप्रिंट व जूतों के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस आसपास की इमारतों और रेलवे ट्रैक की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी की रकम बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।