Summer express/गुरुग्राम,अनुज पांचाल-:मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर चुनाव प्रक्रिया तथा संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। गुरुग्राम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सैनी ने कहा कि विपक्ष लगातार चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता ने विपक्ष को नकार दिया है, इसलिए अब विपक्ष के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बयानबाजी करने के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता चुनाव प्रक्रिया में खामियां होने का दावा कर रहे हैं, जबकि चुनाव आयोग ने अपनी ओर से स्थिति स्पष्ट की है।
सैनी ने विपक्ष के पिछले शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बिजली की समस्या, गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें और किसानों को फसल बेचने के लिए मंडियों में भटकने जैसी समस्याएं थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को नौकरी देने के नाम पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया।मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता बिना तथ्यों के बयान देते हैं और बाद में अपने बयानों पर सफाई देते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को आरोप लगाने से पहले तथ्यों की जांच करनी चाहिए।एसआईआर प्रक्रिया का जिक्र करते हुए सैनी ने कहा कि यह प्रक्रिया विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू की गई है। उन्होंने कांग्रेस पर फॉर्म-6 को लेकर भी लोगों के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।