करण दलाल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
Summer express/पलवल, सुन्दर कुंडू-: सैनी धर्मशाला में रविवार को पलवल कांग्रेस ब्लॉक कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का संयोजन ब्लॉक अध्यक्ष अनूप पाराशर ने किया, जबकि मंच संचालन राजेश्वर गर्ग ने किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और जिला अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने अध्यक्षता की।सम्मेलन में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, रूठे कार्यकर्ताओं को दोबारा पार्टी से जोड़ने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने को लेकर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भी संवाद किया गया।पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा कि पिछले 35 वर्षों से पलवल के बुजुर्गों और युवाओं ने कांग्रेस का साथ दिया है। उन्होंने कांग्रेस शासन के दौरान पलवल के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था का उल्लेख करते हुए मौजूदा भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और भेदभाव की राजनीति करने के आरोप लगाए।
दलाल ने पलवल में जलभराव, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और अवैध कॉलोनियों समेत कई स्थानीय मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज करवाना पड़ रहा है।किसानों की समस्याओं, खाद्य पदार्थों में मिलावट और बढ़ते अपराध को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध रोकने के बजाय चालान काटने में अधिक व्यस्त है।पलवल से कई ट्रेनों के बंद होने का मुद्दा उठाते हुए दलाल ने मेट्रो चलाने के दावों पर भी सवाल खड़े किए। चुनावों में कथित धांधली के मुद्दे पर उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग संवैधानिक संस्था की भूमिका के बजाय भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है।
दलाल ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। नाराज कार्यकर्ताओं को मनाकर संगठन से जोड़ा जाएगा और गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क अभियान चलाया जाएगा।इनेलो की रैली को लेकर भी करण दलाल ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देवीलाल के नाम पर रैली आयोजित कर इनेलो अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इनेलो को भाजपा की ‘बी टीम’ बताते हुए पार्टी पर भी कटाक्ष किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने कहा कि कांग्रेस में लंबे समय तक संगठन की कमी रही, जिसका भाजपा को राजनीतिक लाभ मिला। उन्होंने कहा कि अब पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाएगी और भाजपा के कथित भ्रामक प्रचार का जवाब देगी।अधाना ने बताया कि सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी पलवल पहुंचेंगे। इस दौरान चुनाव आयुक्त ज्ञानेश गुप्ता के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन किया जाएगा।