Summer express/चंबा-:चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गनेड में स्कूल प्रांगण के पास से गुजर रही बिजली की तारें विद्यार्थियों के लिए खतरे का सबब बनी हुई हैं। स्कूल प्रांगण से महज चार से पांच फीट की दूरी पर बिजली की तारें गुजर रही हैं, जहां हर रोज 350 से अधिक बच्चे पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं। स्कूल प्रशासन का कहना है कि इस समस्या को लेकर पिछले करीब डेढ़ साल से बिजली विभाग को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में स्कूल प्रशासन और विद्यार्थियों ने बिजली विभाग व प्रशासन से जल्द बिजली की तारों को स्कूल परिसर से दूर करने की मांग की है।
स्कूल के विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूल प्रांगण के बिल्कुल नजदीक से बिजली की तारें गुजर रही हैं। ऐसे में उन्हें हमेशा हादसे का डर बना रहता है। विद्यार्थियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इन तारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गनेड के कार्यकारी प्रधानाचार्य लेखराज ने बताया कि स्कूल में 350 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और स्कूल प्रांगण के पास से बिजली की तारें गुजरने के कारण लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने खुद बिजली की तारों पर प्लास्टिक की पाइप लगाई है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उनका कहना है कि पिछले करीब डेढ़ साल से लगातार बिजली विभाग को इस समस्या के बारे में शिकायत दी जा रही है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।कार्यकारी प्रधानाचार्य ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के पास जल्द नए बिजली के पोल लगाए जाएं और तारों को स्कूल प्रांगण से सुरक्षित दूरी पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।