summer express , नई दिल्ली। बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टल गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के बीच रविवार रात हुई बैठक में कुछ मुद्दों पर सहमति बनने के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया।
रविवार रात करीब 9:30 बजे हुई बैठक के बाद यूएफबीयू ने अपने सदस्य संगठनों को जारी सर्कुलर में बताया कि बैंकों में सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए आईबीए और यूएफबीयू की संयुक्त उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। समिति इस संबंध में उपलब्ध सभी विकल्पों पर विचार करने के साथ विभिन्न हितधारकों से चर्चा करेगी और ऐसा समाधान तलाशेगी, जो विशेष रूप से बैंक ग्राहकों के लिए भी स्वीकार्य हो।
फिलहाल बैंकों में रविवार के साप्ताहिक अवकाश के अलावा हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है। बैंक कर्मचारी संगठनों की लंबे समय से मांग है कि सभी शनिवार को भी अवकाश घोषित किया जाए।
स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना में संशोधन की मांग पर भी बैठक में चर्चा हुई। तय हुआ कि आईबीए इस मुद्दे पर सरकार के समक्ष अपने सुझाव रखेगा। इसके लिए आईबीए और यूएफबीयू के साथ सदस्य संगठनों के बीच आगे चर्चा शुरू की जा सकती है। अन्य लंबित मांगों पर भी बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है।
यूएफबीयू ने इन्हीं मांगों को लेकर 11 सितंबर को एक दिवसीय हड़ताल की थी। इसका असर खास तौर पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में देखने को मिला था, जहां बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुई थीं, जबकि निजी बैंकों पर इसका असर अपेक्षाकृत सीमित रहा था।
इसके बाद बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया था। इससे पहले 22 सितंबर को सरकार और आईबीए के साथ यूएफबीयू की बैठक बेनतीजा रही थी। इसके बाद सरकार के निर्देश पर रविवार को बैंक खुले रखे गए थे।
यूएफबीयू ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी थी। फिलहाल 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टलने के बाद आगे की रणनीति संयुक्त उच्चस्तरीय समिति की बातचीत और अन्य मुद्दों पर होने वाली चर्चा के आधार पर तय होगी।