Summer express/शिमला, संजू -:संजौली क्षेत्र में अंडरग्राउंड टनल निर्माण के दौरान मकानों में आई दरारों को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। प्रभावित लोगों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर संजौली टनल से संजौली चौक तक शांतिपूर्ण शांति मार्च निकाला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टनल निर्माण के दायरे में शांति विहार और भट्टाकुफर वार्ड के करीब 400 मकान आते हैं। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद शुरुआती दौर में करीब छह से आठ मकानों में दरारें सामने आई थीं। इसके बाद कुछ अन्य मकानों में भी दरारें दिखाई देने लगीं, जिससे लोगों में अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।प्रदर्शनकारियों ने सरकार, एनएचएआई और निर्माण कंपनी से प्रभावित मकानों का तकनीकी निरीक्षण करवाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। लोगों का कहना है कि केवल दरारों को भरने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि मकानों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।नगर निगम शिमला के पार्षद नरेंद्र ठाकुर और विनय शर्मा ने बताया कि स्थानीय लोगों की समस्या को लेकर मंत्री और उपायुक्त के माध्यम से प्रशासन के समक्ष मामला उठाया गया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात का प्रयास भी किया गया, लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के चलते सीधी मुलाकात नहीं हो सकी। हालांकि, सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों को जल्द समाधान की उम्मीद है।फिलहाल टनल का अंडरग्राउंड निर्माण कार्य बंद है। निर्माण कंपनी की ओर से प्रभावित मकानों में आई दरारों को भरने का काम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने से पहले मकानों की सुरक्षा और नुकसान के कारणों की पूरी जांच की जाए।