अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
शहर के पॉश इलाके महाराज नगर में वाहन चोरी का मामला सामने आया है। यहां गली नंबर चार में पांडे डोसा और जिमी साल्ट एंड पेपर के पास सड़क किनारे खड़ी सफेद रंग की स्विफ्ट कार (पीबी11सीजेड1627) को क्रेटा सवार बदमाशों ने चोरी कर लिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
फुटेज के मुताबिक बदमाशों ने महज चार मिनट 30 सेकंड में कार का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
क्रेटा से पहुंचे थे बदमाश: सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक 18 सितंबर की रात करीब दो बजे एक सफेद रंग की क्रेटा कार बैक करते हुए गली में दाखिल होती है। बदमाश क्रेटा को स्विफ्ट कार के बिल्कुल पीछे खड़ा कर देते हैं। इसके बाद क्रेटा की कंडक्टर साइड से एक युवक नीचे उतरता है और स्विफ्ट की ड्राइवर साइड का दरवाजा खोलने का प्रयास करने लगता है।
बदमाश कुछ देर तक स्विफ्ट का लॉक खोलने का प्रयास करता रहा। इस दौरान वह एक-दो बार वापस अपनी क्रेटा के पास भी जाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह दोबारा स्विफ्ट के पास पहुंचता है और उसका लॉक तोड़ने में सफल हो जाता है।
4.30 मिनट में लेकर फरार: लॉक खुलने के बाद बदमाश स्विफ्ट में बैठ जाता है। वहीं दूसरा युवक क्रेटा में सवार रहता है। इसके बाद दोनों कारों को लेकर वहां से फरार हो जाते हैं। सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात करीब चार मिनट 30 सेकंड में पूरी होती दिखाई दे रही है। घटना के बाद कार मालिक की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से संबंधित सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपितों की पहचान करने के साथ चोरी में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।