Summer express/शिमला-:न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पैट्रिक राटा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में सेब उत्पादन, बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने कहा कि सेब उत्पादन हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी का महत्वपूर्ण आधार है। प्रदेश सरकार बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नई तकनीकों और नवाचार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने हिमाचल और न्यूजीलैंड के किसानों तथा बागवानों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक और किसानों के व्यावहारिक अनुभवों के आदान-प्रदान से प्रदेश के बागवानी क्षेत्र को और सुदृढ़ किया जा सकता है।न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश में सेब की बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध करवाने में रुचि व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में न्यूजीलैंड के सहयोग से प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के संबंध में भी मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।इस अवसर पर नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, मुख्य सचिव के.के. पंत, न्यूजीलैंड के विशेष कृषि व्यापार दूत नाथन गाइ, उच्चायोग के काउंसलर (प्राथमिक उद्योग) जेम्स वॉ, कृषि साझेदारी प्रबंधक प्रियम अरोड़ा, डेनियल और लैकलन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।