summer express,नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 1 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने की संभावना है। वहीं, दिल्ली-NCR और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में 1 अक्टूबर को आसमान अधिकतर साफ रहने और दिन में धूप निकलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दक्षिण भारत में केरल, माहे और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर 3 अक्टूबर तक जारी रहने की संभावना है। ओडिशा में भी गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने तथा कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मध्य और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश की संभावना है और इन क्षेत्रों में बारिश का दौर 6 अक्टूबर तक बना रह सकता है। वहीं, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में 1 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की वापसी के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का असर अलग-अलग रहेगा। लोगों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान और विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।