summer express ,भिवानी । जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला ने हरियाणा सरकार पर किसानों, बढ़ते अपराध, खाद की उपलब्धता और खिलाड़ियों के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। वह भिवानी में अपने परिचित एवं पूर्व पार्षद भरपूर सांई के बेटे और लॉन टेनिस के राष्ट्रीय खिलाड़ी रोहित के निधन पर शोक जताने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की मौजूदा स्थिति को लेकर सरकार पर कई सवाल उठाए।
डॉ. अजय चौटाला ने कहा कि सरकार प्रदेश में 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का दावा करती है, लेकिन मंडियों में किसानों को अपनी फसल बेचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों में न बाजरा बिक रहा है और न ही धान की खरीद सुचारू रूप से हो रही है। उन्होंने खाद की किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसान परेशान हैं और खाद के लिए पर्चियां थानों में मिलने की स्थिति बन गई है।
उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। अजय चौटाला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हरियाणा में सरकार है ही नहीं, फिलहाल सरकार सिंगापुर में है और वहां से लौटते ही पंजाब चली जाएगी।
चुनाव आयोग को लेकर उठ रहे सवालों पर अजय चौटाला ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां सरकार के प्रभाव में काम कर रही हैं। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जनता से जुड़े मुद्दों के बजाय कार्यालयों के नाम पर बड़े पैमाने पर खर्च किया जा रहा है और सरकारी कार्यालयों को सेवन स्टार होटल जैसा बनाया जा रहा है।
पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला के क्षेत्रीय दलों के अस्तित्व को लेकर दिए गए बयान पर भी अजय चौटाला ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रणजीत चौटाला से पूछा जाना चाहिए कि उनके पिता, भाई, खुद उन्होंने या उनकी चौथी पीढ़ी ने क्षेत्रीय पार्टी के बिना राजनीतिक रूप से क्या हासिल किया है। उन्होंने दावा किया कि रणजीत चौटाला दो बार राष्ट्रीय पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
अजय चौटाला ने बताया कि जेजेपी की ओर से 2 अक्तूबर से प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से किसानों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा।
खिलाड़ियों के मुद्दे पर अजय चौटाला ने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने देश और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सरकार से पदक विजेता खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था शुरू की गई थी। उनके अनुसार, सरकार को खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस राशि में बढ़ोतरी करनी चाहिए।