सहजप्रीत सिंह |लुधियाना
समर न्यूज
सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा एक व्यक्ति जिंदगी बचाने के लिए तड़पता रहा, लोग मदद के लिए फोन करते रहे, पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन जिस एंबुलेंस का इंतजार था, वह समय पर नहीं पहुंची। करीब 27 मिनट तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। लुधियाना के ट्रांसपोर्ट नगर में शुक्रवार को हुए इस दर्दनाक हादसे ने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पार कर रहे करीब 35 से 40 वर्षीय व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी दोनों टांगें बुरी तरह कुचल गईं और शरीर से तेजी से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिलने से उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के समय वहां से गुजर रहे ट्रक चालक आनंद ने बताया कि उसने सड़क किनारे घायल व्यक्ति को तड़पते देखा तो तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया। उसने कंट्रोल रूम को घटनास्थल की जानकारी देकर जल्द सहायता भेजने की गुहार लगाई। आनंद के मुताबिक, उसे एंबुलेंस भेजे जाने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन 15 मिनट बीतने के बाद भी कोई एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। घायल की हालत लगातार बिगड़ रही थी। शरीर से खून बहना बंद नहीं हो रहा था और हर गुजरते मिनट के साथ उसकी जान बचाना मुश्किल होता जा रहा था। ऐसे में आनंद ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी।
{पुलिस पहुंची, एंबुलेंस फिर भी नहीं आई: सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने भी एंबुलेंस कंट्रोल रूम और नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क साधकर घायल को उपचार दिलाने का प्रयास किया। इसके बावजूद समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। आखिरकार घायल ने पीसीआर कर्मियों के सामने ही दम तोड़ दिया। इस घटना में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था, लोग लगातार मदद मांग रहे थे और पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी थी, तो उसे समय रहते अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया जा सका?
{हिट एंड रन की आशंका, टक्कर मारकर फरार हुआ चालक: हादसा थाना मोती नगर के अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर मेन रोड पर हुआ। जांच अधिकारी एएसआई अजमेर सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला हिट एंड रन का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मारी और चालक वाहन समेत फरार हो गया। ट्रांसपोर्ट नगर में भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा किस वाहन से हुआ और टक्कर मारने के बाद चालक मौके से कैसे फरार हो गया। पलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसके पास से कोई पहचान पत्र, पर्स या ड्राइविंग लाइसेंस बरामद नहीं हुआ। एक पुराना की-पैड मोबाइल फोन मिला है।