समर न्यूज | फरीदकोट
पंजाब के फरीदकोट में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी सेना को भारतीय सैन्य ठिकानों से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं भेजने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। मामले में भारत-चीन सीमा पर तैनात दो सैन्यकर्मियों को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम, 1923 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान फरीदकोट के हरिंदरा नगर निवासी गुरनूर सिद्धू के रूप में हुई है। नामजद सैन्यकर्मियों की पहचान मोगा जिले के खुकराना गांव निवासी दिलप्रीत सिंह और तरनतारन जिले के रसूलपुर गांव निवासी राजबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को आठ अक्टूबर को फिरोजपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोप है कि दोनों सैन्यकर्मी अपनी तैनाती का लाभ उठाकर सैन्य क्षेत्रों और छावनियों से संबंधित संवेदनशील जानकारी जुटाते थे। इसके बाद यह जानकारी महिला के माध्यम से मोबाइल फोन, टैब और इंटरनेट के जरिए पाकिस्तान भेजी जाती थी।
{जांच में जुटी एजेंसियां: पुलिस ने महिला को फिरोजपुर में हुसैनीवाला सीमा मार्ग के पास एक निर्माणाधीन पुल के निकट से गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ कर कथित नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सूचनाओं के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि फरीदकोट सैन्य छावनी से संबंधित कोई गोपनीय जानकारी तो साझा नहीं की गई। महिला पर फरीदकोट निवासी होने के कथित फर्जी दस्तावेज बनवाने का आरोप भी है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।