वार्ड नंबर-5 में एसडीओ अल्पना ठाकुर की अगुवाई में निरीक्षण, शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची टीम
Summer express/सोलन-: शहर में पेयजल वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम सोलन ने पेयजल पाइपलाइन से सीधे टुल्लू पंप जोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। निगम की टीम ने वार्ड नंबर-5 में निरीक्षण के दौरान तीन टुल्लू पंप जब्त किए। यह कार्रवाई क्षेत्र में पानी की किल्लत को लेकर मिली शिकायत के बाद की गई।जानकारी के अनुसार, नगर निगम को शिकायत मिली थी कि कुछ लोगों ने पेयजल पाइपलाइन से सीधे टुल्लू पंप जोड़ रखे हैं। इसके कारण आसपास के अन्य उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ अल्पना ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तीन स्थानों पर पाइपलाइन से सीधे जुड़े टुल्लू पंप पाए गए, जिन्हें निगम की टीम ने जब्त कर लिया।
सीधे पंप जोड़ने से प्रभावित होती है जलापूर्ति
पेयजल पाइपलाइन से सीधे टुल्लू पंप जोड़ने के कारण पानी के समान वितरण में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इससे कुछ उपभोक्ताओं को अधिक पानी मिल जाता है, जबकि दूसरे घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। इसी समस्या को देखते हुए निगम ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए संबंधित उपकरण जब्त किए हैं।नगर निगम सोलन इससे पहले भी शहर में चार टुल्लू पंप जब्त कर चुका है। निगम का कहना है कि पेयजल व्यवस्था बनाए रखने और सभी उपभोक्ताओं तक पानी पहुंचाने के लिए नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
एसडीओ अल्पना ठाकुर ने बताया कि वार्ड नंबर-5 में निरीक्षण के दौरान तीन टुल्लू पंप सीधे पेयजल पाइपलाइन से जुड़े मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। संबंधित मामलों में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।